- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
विश्वकर्मा धाम में 7 दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, पोथी पूजन के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
रतलाम। श्री विश्वकर्मा जांगिड़ ब्राह्मण समाज मंदिर, विश्वकर्मा धाम (नेमिनाथ नगर) में 7 दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ सोमवार, 28 सितंबर 2026 से अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम के साथ हुआ। यह धार्मिक आयोजन आगामी 04 अक्टूबर 2026 (रविवार) तक आयोजित किया जाएगा।
पोथी पूजन के साथ निकली शोभायात्रा
आयोजन के प्रथम दिन सुबह 11 बजे विश्वकर्मा धाम मंदिर परिसर में विधिवत् पोथी पूजन एवं आरती की गई। इसके पश्चात् भव्य कलश व पैदल चल समारोह निकाला गया, जिसमें समाजजन एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में धर्म ध्वजा थामे और भजनों की धुन पर झूमते हुए शामिल हुए।
दो सत्रों में होगी कथा, लगातार 5वें वर्ष व्यास पीठ पर विराजेंगे प्रीतम जी
आयोजन के व्यवस्थापक महेश वंडेला (पटेल) ने जानकारी देते हुए बताया कि भीलवाड़ा के सुप्रसिद्ध कथाचार्य पंडित श्री प्रीतम जी व्यास द्वारा प्रतिदिन दो सत्रों में—प्रथम सत्र सुबह 11:00 से दोपहर 02:00 बजे तक एवं द्वितीय सत्र दोपहर 03:00 से सायं 05:00 बजे तक—भागवत कथा की अमृत वर्षा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि कथा व्यास श्री प्रीतम जी व्यास लगातार 5वें वर्ष विश्वकर्मा धाम में अपनी सुमधुर वाणी से श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करा रहे हैं।
धर्मलाभ लेने की अपील
समाज मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष जनक नागल, ट्रस्ट समिति सदस्य राजेश नागल (पप्पी), मोतीलाल वंडेला, जितेन्द्र बामनिया, धर्मेन्द्र जोपिंग, सुरेश लतारा, राजेश शर्मा, राहुल शर्मा (एडवोकेट), रवि वंडेला, नाना नागल और विष्णु भाणनेचा सहित समस्त पदाधिकारियों ने समाज बंधुओं एवं क्षेत्रीय धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित करने का विनम्र आग्रह किया है।






