- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को इंदौर की राधा–कृष्ण एवं गोपियों की टोली करेगी नृत्य
रतलाम, 13 जुलाई। थावरिया बाजार स्थित लगभग 350 वर्ष पुराने भगवान जगन्नाथ मंदिर से 16 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे पारंपरिक भव्य रथयात्रा निकलेगी। आयोजन की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। रथयात्रा महोत्सव समिति के संस्थापक संयोजक मुन्नालाल शर्मा, अध्यक्ष मंगल लोढ़ा और सचिव गोपाल शर्मा ने बताया कि नगर विधायक एवं एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप सहित सभी सम्माननीयजनों को आमंत्रण दिया गया है।
दो दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत 15 जुलाई को शाम 7:30 बजे महिला मंडल द्वारा सुंदरकांड का आयोजन होगा। 16 जुलाई की सुबह भगवान जगन्नाथ जी की पूजा-अर्चना, सहस्त्रधारा अभिषेक, श्रृंगार और आरती के बाद दोपहर में रथयात्रा प्रारंभ होगी।
पिछले 29 वर्षों से यह रथयात्रा पारंपरिक रूप से आयोजित होती आ रही है। इस बार विशेष आकर्षण इंदौर की श्रीकृष्ण–राधा एवं गोपियों की नाट्य टीम होगी, जो नृत्य प्रस्तुत करती हुई यात्रा में शामिल होगी। साथ ही मातृशक्ति द्वारा तलवारबाजी और शस्त्रकला का प्रदर्शन विभिन्न चौराहों पर किया जाएगा।
रथयात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पर पहुंचेगी। इसके बाद महाआरती और महाप्रसादी का वितरण होगा। समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।





















