- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
हुनर से होगा देश का नवनिर्माण: पीएम विश्वकर्मा एडवांस ट्रेनिंग सेंटर में आपदा प्रबंधन कार्यशाला आयोजित
रतलाम। "हुनर से होगा देश का नवनिर्माण, और जागरूकता से सुरक्षित होगा समाज"— इसी संदेश को चरितार्थ करते हुए रतलाम स्थित प्रधानमंत्री कौशल केंद्र के पी.एम. विश्वकर्मा एडवांस प्रशिक्षण केंद्र पर आपदा प्रबंधन एवं संकट से निपटने हेतु एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का आयोजन जय कैला माता शैक्षणिक एवं सामाजिक कल्याण समिति (आरोग्य प्रकोष्ठ) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला न्यायालय परिसर रतलाम) के संयुक्त तत्वावधान में, जिला आपदा प्रबंधन एवं संकटमोचन बल के विशेष सहयोग से किया गया।
प्राकृतिक व आकस्मिक आपदाओं का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान जिला आपदा प्रबंधन एवं संकटमोचन बल के सदस्यों— रामलाल कटारा, दिनेश डाबी, अजय मईडा, विदेश डामर, मनीष भाभर और देवेंद्र सिंह राठौर— का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
विशेषज्ञों ने 127 से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को आपातकालीन स्थितियों, दुर्घटनाओं और विभिन्न प्रकार की आपदाओं के समय खुद की सुरक्षा करने के साथ-साथ दूसरों का जीवन बचाने के गुर सिखाए। कार्यशाला में केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि प्रैक्टिकल प्रदर्शन (Live Demonstration) के माध्यम से त्वरित प्राथमिक बचाव, सुरक्षा मानकों और संकट के समय सही निर्णय लेने की कला का भी अभ्यास कराया गया।
युवाओं में सुरक्षा व सजगता की भावना का विकास
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और कारीगरों को उनके हुनर के साथ-साथ आपदा के प्रति सजग, आत्मविश्वासी और सामाजिक दायित्व निभाने के योग्य बनाना रहा।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण केंद्र की सुश्री राखी सेन, रिफाकत अंसारी एवं वैदिक शर्मा की सक्रिय सहभागिता रही। मंच संचालन संस्था के संस्थापक रौनक जैन ने किया, वहीं कार्यक्रम के समापन पर पैरा लीगल वालंटियर पं. विजय हेमकांत शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों का आभार व्यक्त किया।











