रतलाम में बाहर से आने वाले दूध की मौके पर जांच, रैपिड किट टेस्ट में सभी नमूने पाए गए मानक स्तर के
रतलाम। आमजन को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने रतलाम शहर में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर में बाहर से आपूर्ति किए जाने वाले दूध से भरे वाहनों को रोककर मौके पर ही 'रैपिड टेस्ट किट' के जरिए दूध के नमूनों की जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुप्ता की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई के दौरान दूध में यूरिया, सुक्रोज, माल्टोज, नमक और स्टार्च जैसे खतरनाक मिलावटी तत्वों की प्राथमिक जांच की गई। राहत की बात यह रही कि मौके पर ही हुई त्वरित जांच में सभी नमूने पूरी तरह निर्धारित मानक स्तर के पाए गए और किसी भी प्रकार की मिलावट की पुष्टि नहीं हुई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि रैपिड टेस्ट किट के माध्यम से मात्र दो मिनट में दूध के भीतर यूरिया, डिटर्जेंट, स्टार्च, सुक्रोज और नमक-शक्कर जैसी हानिकारक मिलावट का पता लगाया जा सकता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आम नागरिक भी सतर्कता बरतते हुए बाजार में आसानी से उपलब्ध इस किट को खरीदकर घर पर ही दूध की शुद्धता की जांच कर सकते हैं।










