- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
रतलाम रेलवे स्टेशन पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान: अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्लेटफॉर्म पर किया श्रमदान
रतलाम, 21 सितंबर। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल में आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ (17 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026) के तहत सोमवार को रतलाम रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अभियान के दौरान मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री अक्षय कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुंजीलाल मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस श्रमदान में स्काउट एवं गाइड, वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ, वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन, तथा एससी/एसटी एवं ओबीसी एसोसिएशन के सदस्यों ने भी प्लेटफॉर्म नंबर 02 और सर्कुलेटिंग एरिया की सफाई कर सक्रिय सहभागिता निभाई।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं हाथ में झाड़ू थामकर ‘स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है’ का संदेश दिया। इस दौरान यात्रियों को कचरा निर्धारित डस्टबिन में फेंकने और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित भी किया गया।
गौरतलब है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के साथ-साथ आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। रतलाम मंडल के अन्य स्टेशनों और रेलवे परिसरों में भी इस तरह की गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं।










