- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
जहां परिचय संवाद में बदलता है, वहीं से नए रिश्तों की संभावनाएं जन्म लेती हैं अखिल भारतीय नागर ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन सम्पन्न
रतलाम, 22 सितम्बर। मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद रतलाम द्वारा आयोजित अखिल भारतीय नागर ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 2026 भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस सम्मेलन में मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 290 युवक-युवतियों तथा उनके अभिभावकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ अतिथियों द्वारा भगवान हाटकेश्वर महादेव के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में परिषद के अध्यक्ष पं. जितेन्द्र नागर ने स्वागत भाषण देते हुए आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि सम्मेलन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 21 परिचय समूह बनाए गए थे। प्रत्येक समूह में 11 युवक एवं 3 युवतियों की टीम गठित की गई, जिन्होंने मंच पर आकर अपना परिचय दिया। पं. नागर ने कहा, "हर परिचय के पीछे एक व्यक्तित्व, एक परिवार, कुछ सपने और भविष्य की अनेक संभावनाएं छिपी होती हैं।"
मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण महिला परिषद की अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी रावल ने सम्बोधित करते हुए कहा कि इस भव्य आयोजन की सफलता में मातृशक्ति और महिला परिषद का परिश्रम सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि जब परिवार आपस में जुड़ते हैं, तो न केवल रिश्ते बनते हैं बल्कि अपनापन और सामाजिक एकता भी मजबूत होती है, जो ऐसे सम्मेलनों की वास्तविक सार्थकता है।
सम्मेलन के दौरान मंच से नाम पुकारे जाने पर प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ अपना परिचय दिया। उपस्थित अभिभावकों ने परिचय पत्रिका (स्मृतिका) से विवरणों का मिलान कर आगे के वैवाहिक संबंधों की चर्चा शुरू की।
समारोह को सम्बोधित करते हुए उज्जैन के डॉ. अरूण व्यास एवं समाजसेवी महादेव प्रसाद सुखेड़ा ने इतने सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद रतलाम द्वारा मंच पर उपस्थित समस्त अतिथियों एवं समाजजनों का दुपट्टा तथा स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर हाटकेश्वर न्यास के अध्यक्ष संजय दवे, संदीप जोशी, निर्मल व्यास, बबलू, ओम त्रिवेदी, हेमंत भट्ट, धर्मेन्द्र नागर, महेश रावल, नवनीत मेहता, दिलीप मेहता, सत्येन्द्र मेहता, पवन दवे, रितेश मंडलोई, राकेश नागर, राजेन्द्र रावल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सफल संचालन विवेक नागर एवं श्वेता नागर ने किया तथा आभार प्रदर्शन संदीप जोशी द्वारा व्यक्त किया गया।










