- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर: रतलाम में जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण, 26 में से अधिकतर शिकायतों का मौक़े पर समाधान
रतलाम, 22 अगस्त (2026): शासन के निर्देशानुसार आयोजित ‘जनविश्वास कार्यक्रम’ के तहत शुक्रवार को रतलाम के नगर निगम विकास शाखा कार्यालय परिसर में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। वार्ड क्रमांक 29 से 40 तक के नागरिकों के लिए आयोजित इस शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं और शिकायतों पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उनका समाधान किया गया।
शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों से संबंधित कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14 शिकायतें नगर पालिक निगम से संबंधित थीं। नगर निगम से जुड़ी 14 शिकायतों में से 01 शिकायत सीएम हेल्पलाइन से संबंधित थी, जिसे आवेदक की संतुष्टि के साथ मौक़े पर ही निराकृत करवाकर बंद किया गया।
अन्य 13 सामान्य शिकायतों में से 11 मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि 02 प्रकरण नीतिगत प्रकृति के होने के कारण संबंधित विभाग को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जारी किए गए।
इस दौरान एसडीएम रतलाम शहर तरुण जैन, उपायुक्त सचिन सिटोले और तहसीलदार सहित नगर निगम एवं अन्य शासकीय विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र भ्रमण, शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनसमस्याओं के प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से यह शिविर 14 अगस्त 2026 से 29 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित किए जा रहे हैं।










