- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता: सराफा व्यापारी से करोड़ों की लूट का 48 घंटे में पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार
रतलाम
रतलाम पुलिस ने थाना बिलपांक क्षेत्र अंतर्गत सराफा व्यापारी के साथ हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज लूट का महज 48 घंटे के भीतर त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल 06 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 100% लूटा गया मशरूका बरामद कर लिया है। बरामद जेवरातों में 4.167 किलोग्राम सोना (कीमत ₹5.32 करोड़) तथा 4.047 किलोग्राम चांदी (कीमत लगभग ₹9 लाख) शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹5.5 करोड़ बताई जा रही है।
क्या थी पूरी घटना?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी अर्पित चोरड़िया (निवासी 24 जैन कॉलोनी, रतलाम) चांदनी चौक स्थित अपनी दुकान से बड़नगर के व्यापारियों को सोने-चांदी के आभूषणों की बिक्री करने गए थे। 13 अगस्त की रात करीब 08:20 बजे वे बीके यादव बस से रतलाम लौट रहे थे। रात लगभग 09:15 से 09:30 बजे के बीच बस जैसे ही हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा के पास पहुंची, बड़नगर से ही बस में सवार दो युवकों ने अचानक अर्पित का बैग छीनने की कोशिश की। व्यापारी द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर बस में मौजूद उनके 3 अन्य साथियों ने मारपीट की और आभूषणों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
300 से अधिक CCTV फुटेज और साइबर टीम की मुस्तैदी
घटना की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन जोन के एडीजी/आईजी राकेश गुप्ता, डीआईजी निमिष अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एडीओपी किशोर पाटनवाला, डीएसपी अजय सारवान, डीएसपी आनंद कुमार सोनी, डीएसपी सुरेंद्र कुमार गडरिया और एसडीओपी संदीप मालवीय के नेतृत्व में अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच टीम ने घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक के 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। वहीं साइबर सेल के प्रभारी जीवन बारिया, निरीक्षक अय्यूब खान और उनकी टीम ने डिजिटल इनपुट व तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्धों को चिह्नित किया।
हिम्मतगढ़ की पहाड़ियों में घेराबंदी कर पकड़ा
15 अगस्त को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में छिपे हैं और लूटा गया माल भी उनके पास है। पुलिस टीमों ने तत्काल घेराबंदी कर 06 संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया।














