- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक का इंदौर प्रवास
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने रतलाम मंडल प्रवास के दौरान इंदौर स्टेशन, इंदौर–पातालपानी रेलखंड तथा पातालपानी–कालाकुंड हेरिटेज खंड का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएँ निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और पूर्ण संरक्षा के साथ पूरी की जाएं।महाप्रबंधक ने इंदौर निर्माण कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में इंदौर एवं आसपास के क्षेत्रों की रेल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अक्षय कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) श्री धीरज कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद उन्होंने इंदौर स्टेशन का निरीक्षण कर सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने इंदौर से पातालपानी तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया। इस दौरान डॉ. अंबेडकर नगर स्टेशन पर नव-निर्मित भवन और सर्कुलेटिंग एरिया का अवलोकन किया गया। पातालपानी स्टेशन पर उन्होंने नए स्टेशन भवन और पुराने प्रतीक्षालय का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं की समीक्षा की।इसके पश्चात उन्होंने पातालपानी–कालाकुंड मीटर गेज हेरिटेज रेलखंड का ट्रॉली द्वारा निरीक्षण किया और कालाकुंड स्टेशन पर बने हेरिटेज संग्रहालय का दौरा किया। यहाँ उन्होंने पुराने उपकरणों के संग्रह और परिचालन व्यवस्था का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को संरक्षा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
























