- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग पर कलेक्टर का जोर
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक न्यू कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने सेक्टर चिकित्सा अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं का समय पर रजिस्ट्रेशन, चार अनिवार्य जांच, एनीमिया प्रबंधन, ब्लड ट्रांसफ्यूजन, शिशुओं का पूर्ण टीकाकरण, नवजात शिशुओं की गृह आधारित देखभाल और माताओं को पोषण संबंधी परामर्श देने पर विशेष बल दिया। साथ ही शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए चेतावनी दी कि आगामी बैठक तक सुधार न होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मरीजों की स्क्रीनिंग, निःक्षय पोषण योजना के तहत भुगतान और निक्षय मित्रों के माध्यम से पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की उपस्थिति पत्रक के साथ कार्य निष्पादन रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाए और कम उपलब्धि वाले कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को क्षेत्रीय भ्रमण कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा, सीएमएचओ डॉ. किरण वाडीवा सहित स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

























