- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
मुंबई मंडल में रेल परिचालन प्रभावित होने पर रतलाम मंडल ने पेश की उत्कृष्ट यात्री प्रबंधन की मिसाल
रतलाम, 24 जुलाई। मुंबई मंडल में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं जलभराव के
कारण रेल परिचालन प्रभावित होने से पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के
विभिन्न स्टेशनों पर अनेक यात्री गाड़ियाँ प्रभावित हुईं। इस चुनौतीपूर्ण
स्थिति में रतलाम मंडल ने त्वरित निर्णय, उत्कृष्ट समन्वय एवं सुनियोजित
कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए हजारों यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल,
सुरक्षित यात्रा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की प्रभावी व्यवस्था कर
संवेदनशील एवं कुशल यात्री प्रबंधन का उदाहरण प्रस्तुत किया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च
प्राथमिकता देते हुए मंडल प्रशासन ने वाणिज्य, परिचालन, रेलवे सुरक्षा बल
तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से व्यापक राहत एवं सहायता व्यवस्था
सुनिश्चित की। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी
करते हुए प्रत्येक स्टेशन पर आवश्यक निर्देश जारी किए, जिससे यात्रियों
को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
परिचालन संबंधी परिस्थितियों के कारण 24 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या
09006 भिवानी–मुंबई स्पेशल तथा 02199 झांसी–बांद्रा टर्मिनस स्पेशल को
रतलाम स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया गया। इन ट्रेनों के लगभग 5,000
यात्रियों को गाड़ी संख्या 09066 स्पेशल, 12240 तथा अन्य उपयुक्त ट्रेनों
में सुनियोजित ढंग से समायोजित कर उनके गंतव्य तक आगे की यात्रा निर्बाध
रूप से सुनिश्चित की गई।
रतलाम मंडल के रतलाम, मेघनगर, दाहोद, नामली, बामनिया, नागदा, थांदला रोड,
लिमखेड़ा सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर प्रभावित यात्रियों के लिए
भोजन, पेयजल, चाय एवं अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई। यात्रियों
को सही प्लेटफॉर्म एवं कोच तक पहुँचाने, सुरक्षित बोर्डिंग, भीड़
नियंत्रण तथा यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए रेलवे अधिकारी
एवं कर्मचारी लगातार सक्रिय रहे। विभिन्न स्टेशनों पर हेल्प डेस्क
स्थापित किए गए तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कर्मचारियों की भी तैनाती की
गई।
इस दौरान रेलवे प्रशासन को विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का भी
सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। जल सेवा जनशक्ति संस्थान, रतलाम एवं मानव
सेवा समिति ब्लड बैंक द्वारा 23 जुलाई की रात्रि में दो ट्रेनों के
यात्रियों को 600 भोजन पैकेट एवं 600 पानी की बोतलों का वितरण किया गया।
इनरव्हील क्लब ऑफ रतलाम तथा दाऊदी बोहरा समाज ने रतलाम स्टेशन पर
यात्रियों को पोहा, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
इसी प्रकार श्री सतकृपा सत्संग परिवार सेवा ट्रस्ट, दाहोद ने श्री बृजेश
खंडेलवाल के सहयोग से 23 एवं 24 जुलाई को दाहोद स्टेशन पर यात्रियों के
लिए भोजन, पेयजल, पोहा, केला एवं बिस्कुट का वितरण किया। राष्ट्रीय
हिन्दू संघ द्वारा लिमखेड़ा स्टेशन पर मगोड़े एवं खिचड़ी वितरित की गई।
वहीं मेघनगर के स्थानीय जैन समाज एवं कृष्णा फॉस्फेट लिमिटेड ने
यात्रियों को केला, पेयजल एवं बिस्कुट उपलब्ध कराए। जैन समाज द्वारा
मेघनगर स्टेशन पर 1,000 से अधिक यात्रियों को दाल-चावल, रोटी-सब्जी,
दाल-बाफले सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ वितरित किए गए, जिसकी यात्रियों ने
विशेष सराहना की। नागदा स्टेशन पर भी विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा
पानी एवं भोजन के पैकेट वितरित किए गए।
रेलवे प्रशासन, विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट समन्वय तथा सामाजिक संस्थाओं
के सक्रिय सहयोग से हजारों प्रभावित यात्रियों को समय पर राहत एवं आवश्यक
सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकीं। अनेक यात्रियों ने रेलवे की संवेदनशीलता,
त्वरित निर्णय क्षमता, बेहतर प्रबंधन एवं सेवा भावना की मुक्तकंठ से
प्रशंसा करते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के
प्रति आभार व्यक्त किया।


















