- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
देहदान का संकल्प लेने वाले वृद्धजनों का सम्मान ,पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रतलाम। देहदान का संकल्प लेना समाज के प्रति सर्वोच्च सेवा और अत्यंत साहसिक कार्य है। इसी भावना के साथ काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा विरीयाखेड़ी स्थित वृद्धाश्रम में देहदान संकल्प लेने वाले वृद्धजनों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि इनर व्हील क्लब रतलाम की अध्यक्ष वंदना विजय सोनी थीं।
कार्यक्रम की शुरुआत रिमझिम बारिश के बीच अतिथियों एवं वृद्धजनों द्वारा पौधारोपण से हुई। सभी ने नगर निगम महापौर, परिषद एवं निगम प्रशासन के पर्यावरण संरक्षण अभियान को समर्थन देते हुए हरित वातावरण का संकल्प लिया।
स्वागत उद्बोधन में जिला रोगी कल्याण समिति सदस्य गोविंद काकानी ने पूर्व में देहदान का संकल्प लेने वाले वृद्धजनों की सराहना करते हुए बताया कि संकल्पकर्ताओं में शामिल स्वर्गीय ओमप्रकाश बाबूलाल सोलंकी के निधन के बाद उनकी देह को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज को सौंपा गया था, जिससे मेडिकल विद्यार्थियों को अध्ययन एवं प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
मुख्य अतिथि वंदना विजय सोनी ने देहदान संकल्प लेने वाली बहन सुमनलता श्रीवास्तव, दापूबाई मोहनलाल, रामप्यारी पन्नालाल एवं भाई ओमप्रकाश तिवारी का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा के लिए अमूल्य योगदान है, जिससे भावी चिकित्सकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होता है। इस अवसर पर उन्होंने इनर व्हील क्लब द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम के पश्चात उन्होंने अपने घर से बनाकर लाई गई मिठाई सभी वृद्धजनों को वितरित की।
समारोह के दौरान समाजसेवी गोविंद काकानी ने वृद्धजनों की समस्याएं सुनकर उनके तत्काल निराकरण के प्रयास कर दूर किए। पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम की आयुषी पालीवाल ने आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में गायत्री बहन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।


















