- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने रतलाम में आधुनिक सब्जी एवं फल मंडी के निर्माण का सुझाव दिया
रतलाम, 24 जुलाई। शहर की बढ़ती जनसंख्या और यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए पूर्व महापौर एवं भाजपा नेता शैलेंद्र डागा ने रतलाम में सर्वसुविधायुक्त बहुमंजिला सब्जी एवं फल मंडी विकसित करने का प्रस्ताव रखा है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप को पत्र लिखकर सैलाना बस स्टैंड परिसर स्थित वर्तमान सब्जी नीलामी मंडी को इस परियोजना के लिए उपयुक्त स्थान बताया है।
डागा ने पत्र में उल्लेख किया कि रतलाम लगातार विस्तार कर रहा है, लेकिन नागरिकों और व्यापारियों के लिए व्यवस्थित एवं आधुनिक मंडी उपलब्ध नहीं है। माणकचौक की सब्जी मंडी भी अब अपनी उपयोगिता खो चुकी है। ऐसे में बहुमंजिला मंडी का निर्माण समय की आवश्यकता है, जिसमें पर्याप्त पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और लोडिंग-अनलोडिंग जैसी सुविधाएं हों।
उन्होंने सुझाव दिया कि सैलाना बस स्टैंड परिसर शहर के मध्य में होने के कारण सभी नागरिकों के लिए आसानी से पहुंच योग्य है। बहुमंजिला निर्माण से भूमि का बेहतर उपयोग होगा और पार्किंग व्यवस्था विकसित होने से यातायात दबाव भी कम होगा।
इसके साथ ही, डागा ने छोटे एवं फुटकर व्यापारियों के लिए अलग से नियोजित बाजार विकसित करने का भी प्रस्ताव दिया। उनका मानना है कि इससे सड़क किनारे और फुटपाथ पर होने वाले अतिक्रमण कम होंगे और व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
पूर्व महापौर ने कहा कि इस समग्र योजना से शहर का यातायात अधिक व्यवस्थित होगा, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और छोटे व्यापारियों के हितों का भी संरक्षण होगा। पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप से दोनों प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करते हुए रतलाम शहर के दीर्घकालिक विकास, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।


















