जावरा महाविद्यालय में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' पर भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जावरा/रतलाम (विशेष संवाददाता)।
भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जावरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2047' अभियान के तहत भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा नशा मुक्ति रन/वॉक का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आगाज प्रातः 7:00 बजे नशा मुक्ति रन एवं हेल्थ वॉक प्रतियोगिता के साथ हुआ, जिसमें महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के साथ-साथ जावरा की विभिन्न डिफेंस अकादमियों के युवाओं, वॉक क्लब के सदस्यों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह प्रतियोगिता प्राचार्य डॉ. विद्या तिवारी के निर्देशन एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. श्यामलाल चौधरी व डॉ. रेणुका रामदेव के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। आयोजन में झाला अकादमी, फोर्स डिफेंस अकादमी एवं कमाण्डो डिफेंस अकादमी का विशेष योगदान रहा। 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन
मुख्य समारोह में संगीतमय सरस्वती वंदना और वंदे मातरम् के बाद एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. श्यामलाल चौधरी ने अभियान के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए बताया कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2 अगस्त से शुरू किया गया 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी संकल्प है, जिसका उद्देश्य देश को नशा मुक्त बनाना है। स्वस्थ युवा ही समृद्ध समाज की नींव: डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय
विशिष्ट अतिथि जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य को अंधकार में धकेलता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे इस सामाजिक बुराई से दूर रहकर एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। जो नशे को हराए, वही असली योद्धा: सांसद सुधीर गुप्ता
मुख्य अतिथि मंदसौर-जावरा सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का 'विकसित भारत 2047' का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा नशा मुक्त, शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि जो युवा नशे को हराता है, वही वास्तविक योद्धा है। सांसद गुप्ता ने उपस्थित जनसमूह को इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उत्कृष्ट उपलब्धियों एवं विजेताओं का हुआ सम्मान
माय भारत (MY Bharat) पोर्टल पर 'विकसित भारत क्विज' में रतलाम जिले को पूरे मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने और जावरा महाविद्यालय की ओर से सर्वाधिक पंजीयन कराने पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. श्यामलाल चौधरी एवं स्वयंसेवकों—निकिता परमार, निकिता मालवीय, ललित मालवीय, इरशाद मंसूरी तथा कन्हैयालाल मालवीय को प्रशंसा-पत्र देकर मंच से सम्मानित किया गया। इसके पश्चात नशा मुक्ति रन प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया: पुरुष वर्ग: प्रथम स्थान शिवराज चौहान, द्वितीय स्थान प्रदीप कटारे एवं तृतीय स्थान विष्णु रावत ने प्राप्त किया। बालिका वर्ग: प्रथम स्थान अंजना, द्वितीय स्थान दिव्या सोलंकी, तृतीय स्थान ममता राठौर तथा चतुर्थ स्थान रानी माली ने हासिल किया। कार्यक्रम में जनभागीदारी अध्यक्ष प्रमोद रावल, महेश सोनी सहित महाविद्यालय का शैक्षणिक स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन प्रो. भावना भट्ट द्वारा किया गया।














