- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
श्रीमती वर्षाली गुगलिया के सिद्धितप पारणा महोत्सव का भव्य आयोजन; 45 दिवसीय कठिन तपस्या पूर्ण होने पर समाजजनों ने की अनुमोदना
रतलाम। जैन समाज की धर्मपरायण श्राविका श्रीमती वर्षाली गुगलिया द्वारा 45 दिवसीय अति कठिन सिद्धितप आराधना पूर्ण करने के शुभ अवसर पर सिद्धितप पारणा महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर संपूर्ण समाजजनों ने एकत्रित होकर तपस्वी के कठिन तप की सहर्ष अनुमोदना की।
शांतिनाथ जैन मंदिर से निकला भव्य वरघोड़ा
महोत्सव का शुभारंभ शांतिनाथ जैन मंदिर (बागड़ो का वास) में विधि-विधान पूर्वक शासन माता पूजन के साथ किया गया। पूजन संपन्न होने के पश्चात भव्य वरघोड़ा (शोभायात्रा) निकाला गया, जिसमें समाजजन धार्मिक भजनों पर झूमते हुए शामिल हुए। तत्पश्चात आयोजित मुख्य पारणा महोत्सव में लोकतंत्र सेनानी श्री प्रकाशचंद गुगलिया एवं श्रीमती हीरामणी गुगलिया ने अपनी सुपुत्री/पुत्रवधू तपस्वी श्रीमती वर्षाली गुगलिया का पारणा उनके पूज्य माता-पिता श्री रमेशचंद कटारिया एवं श्रीमती चंद्रप्रभा कटारिया के कर-कमलों से संपन्न कराया।
महापौर ने की तपस्वी की अनुमोदना, पर्यावरण संरक्षण की पहल को सराहा
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रतलाम नगर निगम महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने तपस्वी का बहुमान व अनुमोदना करते हुए कहा कि ऐसे उग्र तपस्वी के दर्शन करना भी परम सौभाग्य की बात है। गुगलिया परिवार में आए इस धार्मिक अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिद्धितप जैसे भव्य आयोजन में डिस्पोजल (प्लास्टिक) सामग्री का उपयोग न कर गुगलिया परिवार ने समाज के सामने स्वच्छता और पर्यावरण रक्षा का एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस संदर्भ में तपस्वी के पति सीए मनीष गुगलिया एवं सुपुत्र आरव गुगलिया ने बताया कि महापौर जी द्वारा शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक एवं डिस्पोजल मुक्त बनाने के चलाए जा रहे अभियान से प्रेरणा लेकर पूरे तपोत्सव को डिस्पोजल मुक्त रखा गया। उन्होंने उपस्थित सभी प्रबुद्ध नागरिकों से रतलाम को सुंदर व स्वच्छ बनाने में सहयोग की अपील की।
वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने किया बहुमान
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व रतलाम जिलाध्यक्ष व उज्जैन जिला प्रभारी श्री बजरंग पुरोहित ने तपस्वी का बहुमान कर तप की अनुमोदना की। वहीं श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ तीर्थ जैन पेढ़ी के सचिव श्री धर्मचंद जैन ने सिद्धितप के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 45 दिनों तक चलने वाली यह अत्यंत कठिन तपस्या है, जिसमें कुल 36 उपवास तथा 9 बियासने किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि तप करना जितना फलदायी है, तपस्वी की अनुमोदना करना भी उतना ही पुण्यदायी है।
सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर कर सलाहकार परिषद के अध्यक्ष अशोक भंडारी, सचिव राकेश भटेवरा, राजेश खाबिया, सीए संदीप मूणत, प्रमोद नाहर, संजय लुनिया एवं भाजपा नेता नीलेश गांधी ने उपस्थित होकर तपस्वी का बहुमान किया। इसके अतिरिक्त रोटरी क्लब रतलाम प्राइम के अध्यक्ष गौरव ऐरन व सचिव विकास छाजेड़, जैन सोशल ग्रुप यूथ के अध्यक्ष राहुल छाजेड़ व सचिव अभय लोढ़ा तथा महिला संघ गोल्ड अध्यक्ष मोना बोरदिया व सुचि लुनिया ने शाल एवं श्रीफल भेंट कर तपस्वी का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जैन समाज के वरिष्ठ नागरिक, परिजन एवं शहर के गणमान्य जन उपस्थित रहे। समारोह का सफल संचालन सीए श्वेता जैन एवं सीमा जैन द्वारा किया गया। पारणा महोत्सव के उपरांत आयोजित स्वामीवात्सल्य (भोजन) की संपूर्ण एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था का दायित्व श्री महेंद्र भंडारी ने अत्यंत निष्ठा व समर्पण के साथ निभाया।










