- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
यात्रियों की सुविधा के लिए अहमदाबाद–मधुबनी के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
रतलाम, 16 नवंबर 2026। शीतकालीन त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त यात्रा मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने रतलाम मंडल से होकर अहमदाबाद और मधुबनी के बीच विशेष किराये पर एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 09433 अहमदाबाद–मधुबनी स्पेशल 17 नवंबर 2026 (मंगलवार) को अहमदाबाद से सुबह 10.10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रतलाम मंडल के प्रमुख स्टेशनों— दाहोद (दोपहर 13.42/13.44), रतलाम (15.03/15.13), नागदा (15.45/15.47), उज्जैन (शाम 17.05/17.10) और सीहोर (19.10/19.12) होते हुए गुरुवार रात 01.00 बजे मधुबनी पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 09434 मधुबनी–अहमदाबाद स्पेशल 19 नवंबर 2026 (गुरुवार) को मधुबनी से शाम 18.00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन शुक्रवार रात सीहोर (21.33/21.35) और उज्जैन (23.35/23.40) होते हुए शनिवार तड़के नागदा (00.36/00.38), रतलाम (01.40/01.45) तथा दाहोद (03.05/03.07) से गुजरकर शनिवार सुबह 07.15 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में आणंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, नागदा, उज्जैन, सीहोर, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, बीना, दमोह, कटनी मुड़वारा, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और सकरी स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए स्लीपर एवं जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और ताजा स्थिति की पुष्टि भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट (www.enquiry.indianrail.gov.in) या 'RailOne' ऐप के माध्यम से जरूर कर लें।















