- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
मेडिकल कॉलेज में जल्द खुलेगा जन औषधि केंद्र, सिटी स्कैन की सुविधा भी होगी शुरू : मंत्री काश्यप
डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेडक्रॉस के माध्यम से कॉलेज परिसर में जल्द 'जन औषधि केंद्र' प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, अस्पताल में सिटी स्कैन की सुविधा शीघ्र शुरू करने के लिए स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति होने तक निजी रेडियोलॉजिस्ट से रिपोर्ट लेने हेतु शासन से अनुमति प्राप्त करने का निर्णय लिया गया।
कैथ लैब और एमआरआई सुविधा का होगा विस्तार
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप राज्य सरकार द्वारा पीपीपी (PPP) मोड पर 'कैथ लैब' (कार्डियक यूनिट) स्थापित करने के लिए जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनिता मूथा ने अस्पताल संचालन, आयुष्मान भारत योजना और परिसर में लोकार्पित होने वाली नई यूनिटों का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में एमआरआई जांच की सुविधा के लिए शासन से स्वीकृति लेने की प्रक्रिया जारी है और नर्सिंग कॉलेज का नया भवन भी बनकर तैयार हो चुका है।
एमबीबीएस की सीटें बढ़कर हुईं 200
डीन डॉ. मूथा ने जानकारी दी कि इस शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 20 सीटें बढ़ाई गई हैं, जिससे अब 180 के स्थान पर 200 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। उन्होंने सिटी स्कैन शुरू करने में आ रही रेडियोलॉजिस्ट की कमी से अवगत कराया, जिस पर मंत्री श्री काश्यप ने शासन से पत्राचार कर जल्द अनुमति दिलाने का आश्वासन दिया।
दवाओं की उपलब्धता और ऑक्सीजन प्लांट के रखरखाव पर जोर
मंत्री श्री काश्यप ने अस्पताल में मरीजों को निशुल्क मिलने वाली दवाओं की स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कोरोना काल के दौरान अपने फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑक्सीजन प्लांट के नियमित रखरखाव के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल, रोगी कल्याण समिति सदस्य एवं आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी तथा एल्डरमैन हेमंत राहोरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।















