- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
डॉक्टर्स डे पर इनर व्हील क्लब ने गायनीक विभाग के चिकित्सकों का सम्मान किया।
रतलाम, 1 जुलाई। डॉक्टर्स डे के अवसर पर इनर व्हील क्लब रतलाम ने डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडे मेडिकल कॉलेज के गायनीक विभाग के चिकित्सकों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर चिकित्सा सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉक्टरों को अंगवस्त्र, माल्यार्पण और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब अध्यक्ष वंदना विजय सोनी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि इनर व्हील क्लब समाजसेवा के विभिन्न आयामों पर निरंतर कार्यरत रहेगा और सेवा कार्यों की श्रृंखला की शुरुआत डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों के सम्मान से की गई है। उन्होंने चिकित्सकों की समाज को स्वस्थ रखने में निभाई जा रही अतुलनीय भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रदीप मिश्रा ने कहा कि डॉक्टर दिन-रात मरीजों की देखभाल में पूर्ण समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी वे अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं, इसलिए समाज को भी ऐसे समय में धैर्य और संयम बनाए रखना चाहिए।मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा ने क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज और अस्पताल का सहयोग मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने क्लब सदस्याओं से अस्पताल में मरीजों के हित में आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने जैसे सेवा कार्यों में सहयोग देने का आग्रह किया।
विशिष्ट अतिथि रतलाम विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं जिला रोगी कल्याण समिति सदस्य गोविंद काकानी ने कहा कि चिकित्सक केवल उपचार ही नहीं करते, बल्कि अनेक परिवारों को नया जीवन और नई उम्मीद भी देते हैं। उनका समर्पण और मानवीय संवेदनाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।समारोह में क्लब अध्यक्ष वंदना विजय सोनी सहित पदाधिकारियों ने डॉ. अनीता मुथा, डॉ. प्रदीप मिश्रा, डॉ. अंकित शर्मा, गायनीक विभाग प्रभारी डॉ. रेखा विमल गुप्ता तथा अन्य चिकित्सकों और अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन सरला पाटनी ने किया और आभार प्रदर्शन क्लब सचिव साधना मूणत ने किया। उपस्थित सभी अतिथियों ने चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।



























