- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
सिविल सर्जन डॉ ए पी सिंह ने सबसे पहले रक्तदान कर आदर्श प्रस्तुत किया
रतलाम, 1 जुलाई। डॉक्टर्स डे के अवसर पर जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने कहा कि चिकित्सकों का व्यवसाय वास्तव में आदर्श व्यवसाय है, जिसका आधार मानव सेवा का पवित्र भाव है। उन्होंने बताया कि गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की रक्त की आवश्यकता पूरी करने के लिए विकासखंड और ग्राम स्तर पर भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान इच्छुक लोग रक्तदान कर सकेंगे, जिसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर में ब्लड डोनेशन वाहन उपलब्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी का जीवन बचाया जा सकता है, इसलिए सभी को इसमें भाग लेना चाहिए।
सिविल सर्जन डॉ. ए. पी. सिंह ने सबसे पहले रक्तदान कर आदर्श प्रस्तुत किया। इस शिविर में कुल 107 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि स्व. अश्विनी शर्मा ने 100 से अधिक बार रक्तदान किया था और डॉक्टर्स डे पर रक्तदान करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने रतलाम जिले के रक्तवीरों की सराहना करते हुए बताया कि श्री गोविंद काकानी सहित कई लोग 100 से अधिक बार तथा अनेक लोग 50 से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं, जो जिले के लिए गौरव का विषय है।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. भारत निनामा ने स्वागत भाषण में बताया कि डॉक्टर्स डे प्रसिद्ध चिकित्सक और पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में मनाया जाता है। उनका जन्म 1 जुलाई 1882 को हुआ था और निधन 1 जुलाई 1962 को हुआ था।कार्यक्रम के दौरान महिला चिकित्सक डॉ. हेतल परमार, नर्सिंग ऑफिसर जीनत स्टीफन और डॉ. सपना बोरीवाल को रक्तदान प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
इस अवसर पर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष रावल, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी चेयरमैन प्रीतेश गादिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।



























